कोच्चि। मोहनलाल और जीथू जोसेफ की चर्चित मलयालम क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। निर्माता एंटनी पेरुम्बावूर ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि फ्रेंचाइजी का चौथा भाग बनाया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा हाल ही में आयोजित मजहविल मनोेरमा अवॉर्ड्स के मंच से की। ‘दृश्यम 4’ में मोहनलाल के एक बार फिर जॉर्जकुट्टी के रूप में लौटने की उम्मीद है। एंटनी पेरुम्बावूर ने कहा कि फ्रेंचाइजी का एक और भाग जरूर आएगा। हालांकि, फिल्म की कहानी, शूटिंग शेड्यूल और रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
जीथू जोसेफ इससे पहले भी संकेत दे चुके हैं कि वह कहानी को जल्दबाजी में आगे नहीं बढ़ाना चाहते। उनके मुताबिक, किसी फिल्म की सफलता के दबाव में अगला भाग बनाने के बजाय कहानी और किरदारों को पर्याप्त समय देना जरूरी है, ताकि अगली फिल्म भी दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर सके। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी जॉर्जकुट्टी और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां परिवार को बचाने के लिए वह मुश्किल हालात में कई फैसले लेता है। सस्पेंस, क्राइम और पारिवारिक भावनाओं के मिश्रण ने इस सीरीज को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई है। पहली फिल्म 2013 में रिलीज हुई थी और इसके बाद ‘दृश्यम 2’ ने कहानी को आगे बढ़ाया।
मलयालम फ्रेंचाइजी की सफलता के बाद इसका हिंदी रीमेक भी बनाया गया, जिसमें अजय देवगन ने विजय सलगांवकर की भूमिका निभाई। हिंदी फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाला है और इसे हिंदी कहानी का अंतिम अध्याय बताया जा रहा है। ‘दृश्यम 4’ की पुष्टि के बाद अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि जॉर्जकुट्टी की कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचेगी और जीथू जोसेफ इस बार सस्पेंस को किस अंदाज में आगे बढ़ाएंगे।
