बिजली केबल और कॉपर वायर चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए किया तीन आरोपियों को गिरफ्तार

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जनपद पंचायत और अस्पताल को निशाना बनाकर बिजली व नेट केबल काटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों को दबोच लिया गया, जिनके कब्जे से करीब 10 किलो चोरी किया गया कॉपर वायर बरामद हुआ।

जांजगीर-चांपा जिले के बम्हिनडीह थाना क्षेत्र में बिजली केबल और कॉपर वायर चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुबेर अली (24), जुनेर अली (20) और नासिर अली उर्फ चीनू (22) निवासी मुस्लिम मोहल्ला, बम्हिनडीह के रूप में हुई है। तीनों के कब्जे से सबमर्सिबल पंप में लगा बिजली का कॉपर वायर तथा नेट केबल से निकला करीब 10 किलोग्राम तांबा बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

मामले की शुरुआत जनपद पंचायत बम्हिनडीह के चौकीदार रामशरण डड़सेना की शिकायत से हुई। उन्होंने बताया कि 17-18 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने जनपद पंचायत परिसर और सभा कक्ष के सामने लगे सबमर्सिबल पंप की बिजली लाइन तथा विभिन्न कार्यालयों के नेट केबल काटकर चोरी कर लिए। आरोपियों ने कृषि विकास कार्यालय का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हिनडीह के एक्स-रे कक्ष का बिजली वायर भी काटकर चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर थाना बम्हिनडीह में अपराध क्रमांक 70/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

रात में मवेशियों से होने वाले हादसे रोकने पुलिस की अनोखी पहल, गले में बांधी रेडियम पट्टियां

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में थाना बम्हिनडीह पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी चोरी किए गए कॉपर वायर को बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जनपद पंचायत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बिजली कॉपर वायर तथा नेट केबल चोरी करना स्वीकार कर लिया। बरामदगी के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

फिलहाल, बम्हिनडीह पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लगातार हो रही केबल चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक छगन साहू सहित मुकेश सिंह, आमिर पैकरा, मनोज कंवर, रामकुमार कंवर, भूपेंद्र गोस्वामी एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।