कोरबा। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए नगर निगम कोरबा ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों, ठेलों और गुमठियों की जांच कर कार्रवाई की गई। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने खुद शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई कराई। अभियान के दौरान बीड़ी, सिगरेट, गुटका, गुड़ाखू सहित अन्य तंबाकू उत्पाद बड़ी मात्रा में जब्त किए गए। कई दुकानों पर अर्थदंड लगाने के साथ सीलिंग की कार्रवाई भी की गई।
नगर निगम के अपर आयुक्त एवं अभियान प्रभारी पवन वर्मा के अनुसार, निगम के सभी जोन में कुल 64 दुकानों और ठेलों पर कार्रवाई की गई। इनमें 8 दुकानों को सील किया गया, जबकि कुल 27,100 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों का विक्रय या भंडारण करते पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
