भारतीय नाश्ते के इस देसी अंदाज में स्वीट कॉर्न और चीज से बना स्वादिष्ट पराठा

Follow Us

नाश्ते में अगर आप रोज-रोज आलू, गोभी या पनीर के पराठे खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो कॉर्न चीज पराठा आपके लिए एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है। इस मौसम में बहुत अच्छे कॉर्न आते हैं तो इसलिए इस डिश को तो जरूर try करना चाहिए। भारतीय नाश्ते के इस देसी अंदाज में स्वीट कॉर्न और चीज का ऐसा कॉम्बिनेशन मिलता है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आ सकता है। बाहर से कुरकुरा और अंदर से चीज की मेल्टेड फिलिंग वाला यह पराठा स्वाद में पिज्जा जैसा फील दे सकता है, लेकिन इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।

अगर बच्चे बार-बार पिज्जा, बर्गर या दूसरे फास्ट फूड की डिमांड करते हैं, तो आप उनके लिए घर पर कॉर्न चीज पराठा बनाकर नाश्ते या टिफिन में दे सकते हैं। तो आइए जानते हैं घर पर कॉर्न चीज पराठा बनाने की आसान और झटपट रेसिपी।

सामग्री
गेहूं का आटा-2 कप
स्वीट कॉर्न-1 कप
चीज-1 कप कद्दूकस किया हुआ
प्याज-1 छोटा बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च-1-2 बारीक कटी हुई
हरा धनिया-2 बड़े चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-½ चम्मच
चिली फ्लेक्स-½ चम्मच
गरम मसाला-¼ चम्मच
नमक-स्वादानुसार
पानी, आटा गूंथने के लिए
घी या तेल, पराठा सेंकने के लिए

विधि
1 सबसे पहले एक बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें थोड़ा नमक डालकर पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें। आटे को करीब 10-15 मिनट के लिए ढककर
रख दें।

2 स्वीट कॉर्न को 3-4 मिनट तक उबाल लें। पानी निकालकर कॉर्न को हल्का दरदरा मैश कर लें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ चीज, बारीक कटा प्याज, हरी
मिर्च और हरा धनिया डालें।

3 फिलिंग में लाल मिर्च पाउडर, चिली फ्लेक्स, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। ध्यान रखें कि चीज में पहले से नमक हो
सकता है, इसलिए नमक कम मात्रा में डालें।

4 आटे की मध्यम आकार की लोई बनाकर थोड़ा बेल लें। इसके बीच में 2-3 चम्मच कॉर्न-चीज की फिलिंग रखें। किनारों को उठाकर फिलिंग को अच्छी तरह
बंद कर दें।

5 अब इसे हल्के हाथों से बेलकर गर्म तवे पर डालें। एक तरफ हल्का सिकने पर पलटें और दोनों तरफ घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें।
तैयार कॉर्न चीज पराठे को गर्मागर्म निकालें और टोमैटो सॉस, हरी चटनी, दही या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व करें।