पिपरहा तालाब में मिला 3 दिन से लापता युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

Follow Us

बलौदाबाजार । शहर के पिपरहा तालाब में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नहाने पहुंचे लोगों ने पानी में एक युवक का शव तैरते हुए देखा। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय आनंद यादव, पति सावंत यादव के रूप में हुई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार आनंद यादव पिपरहा तालाब के पास स्थित मोहल्ले में रहता था और अंबेडकर चौक स्थित एक होटल में काम करता था। परिजनों के मुताबिक आनंद पिछले तीन दिनों से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, हालांकि इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। शुक्रवार को तालाब में शव मिलने की खबर से मृतक के परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


Read more :- वन मंत्री कश्यप के निर्देश पर इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार


फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।