राजधानी में चाकूबाजी, मारपीट और चोरी के कई मामले दर्ज

Follow Us

रायपुर । राजधानी रायपुर में बीते 16 और 17 अगस्त को चोरी, अवैध हथियार रखने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के कई मामले सामने आए। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

० सिविल लाइन क्षेत्र में कार से डेढ़ लाख का सामान चोरी
घड़ी चौक के पास एक कार में रखे एप्पल कंपनी के मैकबुक, पावर बैंक, एयरपॉड्स समेत करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सामान की चोरी हो गई। भाठागांव पुरानी बस्ती निवासी आकाश दीप साहू की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 17 अगस्त की दोपहर करीब 3.25 बजे की बताई गई है।

० कोतवाली में स्कूटी चोरी
चांदनी चौक क्षेत्र में खड़ी सुजुकी बर्गमैन मोपेड चोरी हो गई। रावतपुरा कॉलोनी निवासी मोहम्मद नौमान रजा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चोरी गई मोपेड की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

० सरस्वती नगर में घर का दीवार फांदकर मोपेड चोरी
कुकुरबेड़ा स्थित सामुदायिक भवन के पीछे रहने वाले राजेश स्वामी की मोपेड चोरी हो गई। अज्ञात आरोपी घर की दीवार फांदकर आंगन में पहुंचा और वहां खड़ी टीवीएस मोपेड लेकर फरार हो गया। वाहन की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।


Read more :-  सीएचओ प्रकरण में निष्पक्ष जाँच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर आज एन.एच.एम. संघ का एक दिवसीय प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट का घेराव


० देवेंद्रनगर में बाइक से मोबाइल चोरी
फाफाडीह शराब दुकान के पास खड़ी हीरो स्प्लेंडर बाइक से रेडमी कंपनी का मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई है। पारस नगर निवासी सुजीत कुमार प्रजापति की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये है।

० उरला और डीडी नगर में चाकू लेकर घूमते युवक पकड़े गए
उरला पुलिस ने हीरा गार्डन अछोली के पास अवैध रूप से चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहे एक आरोपी को पकड़ा। इसी तरह डीडी नगर पुलिस ने विसर्जन कुंड महादेव घाट के पास चाकू लेकर लोगों को डराने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों मामलों में आम्र्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

० पुरानी बस्ती में विवाद के बाद महिला से मारपीट
लालवानी अस्पताल के पास जिललू चौक में पति-पत्नी के विवाद के दौरान महिला से गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने महिला से विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुरानी बस्ती पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

० मोवा में चाबी रखने की बात पर दो पक्षों में मारपीट
प्रेम नगर मोवा में घर की चाबी को लेकर विवाद के बाद मारपीट के दो मामले दर्ज हुए। एक मामले में राजमणी जमश्रा ने पारसमणी पांडेय के खिलाफ शिकायत की, जबकि दूसरे मामले में पारसमणी पांडेय ने राजमणी जमश्रा और दो अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों ने गाली-गलौज, धमकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं।

० किराना दुकान में सामान के पैसे मांगने पर विवाद
खमतराई थाना क्षेत्र के कैलाश नगर बीरगांव में किराना दुकान में सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर विवाद हो गया। शिकायतकर्ता अमरकांत साह के अनुसार सागर और जसवंत नामक आरोपी दुकान में घुसकर गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के तथा लकड़ी के बत्ता से मारपीट की। आरोपियों पर दुकान में तोडफ़ोड़ करने का भी आरोप है।


Read more :-  एसआईआर में 33 प्रतिशत फॉर्म जमा नहीं होने पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मांगी जानकारी

० मुजगहन में गाली-गलौज और मारपीट के दो मामले
बीएसयूपी कॉलोनी काठाडीह में गार्ड के काम को लेकर टिप्पणी करने से मना करने पर छम्मन दास मानिकपुरी के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की गई तथा दांत से काट लिया गया। वहीं दूसरे मामले में हनी निर्मलकर ने छम्मन दास के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।