दृष्टिबाधा को बनाया ताकत, मुख्यमंत्री साय ने छात्रा जयमंती खेस को भेंट किया लैपटॉप

Follow Us

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम बगिया स्थित अपने निवास में कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गोरिया निवासी कॉलेज छात्रा जयमंती खेस को लैपटॉप भेंट किया। शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित जयमंती रायपुर के डिग्री गर्ल्स कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष में अध्ययनरत हैं। लैपटॉप मिलने से अब उन्हें पढ़ाई की सामग्री तक आसानी से पहुंच बनाने और अपनी उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद मिलेगी। जयमंती ने कलेक्टर जनदर्शन के दौरान पढ़ाई में सहायता के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। उनकी आवश्यकता और शिक्षा के प्रति लगन को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद आधुनिक सॉफ्टवेयर से लैस लैपटॉप तैयार कराया गया, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा को अपने हाथों से प्रदान किया।


Read more :- 47 लीटर महुआ शराब के साथ शराब कोचिया गिरफ्तार, भटगांव पुलिस की कार्रवाई


लैपटॉप मिलने पर जयमंती ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी पढ़ाई के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे अध्ययन सामग्री तक उनकी पहुंच आसान होगी और वह डिजिटल माध्यम से अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से जारी रख सकेंगी। लैपटॉप प्रदान करते समय मुख्यमंत्री साय ने छात्रा से आत्मीय बातचीत की और उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा। जयमंती ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद शिक्षक बनना चाहती हैं। उनकी इच्छा सुनकर मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। उन्होंने जयमंती को अपने लक्ष्य के लिए निरंतर मेहनत करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छात्रा की जरूरत को ध्यान में रखते हुए लैपटॉप में टॉकबैक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किया गया है। यह सॉफ्टवेयर स्क्रीन पर दिखाई देने वाली सामग्री को आवाज के माध्यम से समझने में दृष्टिबाधित व्यक्ति की सहायता करता है। इससे जयमंती अध्ययन सामग्री को सुनकर पढ़ सकेंगी और अपनी पढ़ाई में डिजिटल तकनीक का बेहतर उपयोग कर पाएंगी।