आईएमडी ने 15 अगस्त तक कई राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान जताया, मध्य भारत और पूर्वोत्तर में भी मौसम रहेगा सक्रिय

Follow Us

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता दिख रहा है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 से 13 अगस्त, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 15 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 9 से 15 अगस्त के बीच कई दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना रहेगा।

मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर दिखेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज बारिश की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून सक्रिय रहेगा। झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना है, जबकि बिहार में 10 से 13 अगस्त के बीच बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।