मुंबई। एक इवेंट के दौरान एक्ट्रेस निकिता रावल के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने वहां मौजूद पैपराजी और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया। 8 अगस्त को निकिता रेड कार्पेट पर मीडिया के लिए पोज दे रही थीं, तभी एक महिला फैन उनसे मिलने पहुंची। फैन ने पहले एक्ट्रेस के साथ सेल्फी ली और निकिता भी सामान्य अंदाज में उसके साथ तस्वीरें खिंचवाती नजर आईं। इसके बाद महिला ने अचानक निकिता के गाल पर किस किया और अगले ही पल उन्हें अपनी ओर खींचकर होंठों पर किस कर दिया। अचानक हुई इस हरकत से निकिता कुछ पल के लिए पूरी तरह चौंक गईं। वायरल हो रहे वीडियो में एक्ट्रेस के चेहरे पर हैरानी और असहजता साफ दिखाई देती है।
इस अप्रत्याशित घटना के दौरान आसपास मौजूद फोटोग्राफर्स ने पूरा वाकया कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग निकिता के रिएक्शन पर चर्चा करने लगे। शुरुआत में फैन के साथ सहज नजर आ रहीं एक्ट्रेस अचानक हुई इस हरकत के बाद असमंजस में दिखाई दीं। घटना खत्म होने के बाद निकिता वहां से आगे बढ़ गईं। फिलहाल एक्ट्रेस ने इस मामले को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है और न ही उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। वीडियो के वायरल होने के बाद अब यह मामला मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।
