गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड के खासरपारा में लगातार बारिश ने स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण कच्ची सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। खासरपारा से टेकनपारा के बीच सड़क पर कमरभर पानी भरने से बच्चों को रोजाना इसी रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है।
किताबों से भरा बस्ता लेकर बच्चे पानी पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। जलभराव के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है, जिससे बच्चों के लिए आवागमन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार बारिश के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
इधर, छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में 1 जून से अब तक सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में भी अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।
