राष्ट्रपति ट्रंप का हेलीकॉप्टर कमर्शियल विमान के बेहद करीब पहुंचा, बड़ा हादसा टला

Follow Us

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हवाई सुरक्षा को लेकर एक गंभीर घटना सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, राष्ट्रपति को ले जा रहा मरीन वन हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान एक कमर्शियल यात्री विमान के निर्धारित सुरक्षा मानकों से अधिक करीब पहुंच गया। हालांकि समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और किसी तरह की टक्कर या सुरक्षा खतरा नहीं हुआ।

बताया गया कि, यह घटना मंगलवार दोपहर वॉशिंगटन के पास हुई, जब ट्रंप का हेलीकॉप्टर उड़ान पर था। उसी समय एक यात्री विमान भी टेकऑफ कर रहा था। शुरुआती जांच में दोनों विमानों के बीच न्यूनतम सुरक्षित दूरी (सेपरेशन) कुछ समय के लिए कम होने की बात सामने आई है। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने आवश्यक कदम उठाए और दोनों विमान सुरक्षित रूप से अलग हो गए।

व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि, राष्ट्रपति किसी भी समय खतरे में नहीं थे और मरीन वन का संचालन अत्यधिक प्रशिक्षित पायलटों द्वारा किया जाता है। वहीं, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने अमेरिका की हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर हाल के वर्षों में हुई विमानन सुरक्षा घटनाओं के बाद। शुरुआती जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।