अभनपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। किसानपारा निवासी विमल यादव (30) का शव दुलना-पटेवा मार्ग स्थित एक तालाब से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद उनकी पत्नी गंभीर सदमे में आ गई और अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ खुद को धारदार हथियार से घायल कर लिया। दोनों को परिजनों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, तालाब में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान विमल यादव के रूप में की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और परिजनों व परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पत्नी और बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है।
