ट्रंप के हमले रोकने के फैसले पर ईरानी मीडिया का तंज, कहा- दबाव में पीछे हटे अमेरिका

Follow Us

तेहरान। ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई को कुछ समय के लिए रोकने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद ईरानी मीडिया ने उन पर तीखा हमला बोला है। कई ईरानी समाचार संस्थानों ने इस फैसले को अमेरिका की रणनीतिक वापसी बताते हुए ट्रंप का मजाक उड़ाया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि, ईरान और अन्य मध्य-पूर्वी देशों के अनुरोध पर हमले रोकने का फैसला लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि, समझौते के तहत होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलने पर सहमति बनी है। हालांकि, ईरानी सरकारी मीडिया ने इस तरह के किसी अनुरोध या समझौते की पुष्टि नहीं की।

ईरानी मीडिया ने दावा किया कि, अमेरिका ने अपनी स्थिति से पीछे हटते हुए इसे कूटनीतिक सफलता के रूप में पेश करने की कोशिश की है। कुछ रिपोर्टों में अमेरिकी एयर डिफेंस मिसाइल भंडार में कमी को भी इस फैसले की वजह बताया गया। वहीं, ईरानी अधिकारियों ने कहा कि, उनकी सेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। दूसरी ओर, ट्रंप ने दोहराया कि, अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह घटनाक्रम मध्य-पूर्व की राजनीति और वैश्विक तेल बाजार पर असर डाल सकता है। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों पर भी दबाव बना हुआ है।