राष्ट्रमंडल खेल 2026 में 53 किग्रा भारोत्तोलन में सिल्वर जीतने वाली खिलाड़ी के सम्मान में दिल्ली में आयोजित किया गया रात्रि भोज
नई दिल्ली। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली भारोत्तोलक खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव के सम्मान में केंद्रीय मंत्री ने रात्रि भोज का आयोजन किया।इस दौरान तोखन साहू ने खिलाड़ी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना और पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व का क्षण होता है। ज्ञानेश्वरी ने यह साबित किया है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
खेल यात्रा और संघर्ष की ली जानकारी
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव से उनके प्रशिक्षण, संघर्ष और खेल यात्रा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे लगातार मेहनत और समर्पण होता है। ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।तोखन साहू ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन करेंगी और नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।
छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी
ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि के बाद पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताया है।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलने से भारत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।ज्ञानेश्वरी यादव का सम्मान समारोह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर रहा। उनके रजत पदक ने प्रदेश के खेल क्षेत्र को नई ऊर्जा दी है और युवा खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ाया है।
