रायपुर में बर्थडे पार्टी का हंगामा: तेज DJ, पुलिस से धक्का-मुक्की, कालीबाड़ी से 7 गिरफ्तार

Follow Us

रात 3 बजे शिकायत पर पहुंची पुलिस से अभद्रता, शासकीय कार्य में बाधा और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के गांधी नगर स्थित कालीबाड़ी इलाके में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाकर हुल्लड़बाजी करना कुछ युवकों और युवतियों को भारी पड़ गया। पुलिस से अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे गांधी नगर कालीबाड़ी में प्रताप ताण्डी के मकान की छत पर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा किए जाने की शिकायत मिली थी। पहली बार मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद करा दिया था।

कुछ देर बाद दोबारा तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची। इस दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने कथित रूप से पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की, झूमा-झटकी और गाली-गलौज की। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।

सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।