मुंगेली। जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र के कई गांवों में मलेरिया के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया की रोकथाम, समय पर उपचार और संक्रमण नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार गांवों का दौरा कर हालात का जायजा ले रही हैं, वहीं डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से मरीजों की पहचान कर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तिलईडबरा, बहाउड़, सारसडोल, जमुनाही, अतरियाखार और राजक गांवों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, सर्वे कार्य और उपचार व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज तक समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचे तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
