सड़क के गड्ढे में बैठकर नहाया युवक, अनोखे प्रदर्शन से बदहाल एनएच की खोली पोल

Follow Us

मुंगेली। लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से परेशान एक युवक ने जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चातरखार के पास बने बड़े गड्ढे में बैठकर युवक ने बारिश के जमा पानी से स्नान किया। इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मुंगेली से पंडरिया मार्ग पर चातरखार और बरेला क्षेत्र के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत काफी खराब हो चुकी है। बारिश के चलते सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। वायरल वीडियो में युवक सड़क के गड्ढे में जमा कीचड़युक्त पानी को तालाब बताते हुए उसमें बैठकर साबुन से नहाता दिखाई दे रहा है। युवक ने इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की खराब स्थिति की ओर खींचने का प्रयास किया है।

सड़क की बदहाली को लेकर पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों ने नाराजगी जताई थी। कलेक्टर और संभागायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार कार्य में लापरवाही पर नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग युवक के इस प्रदर्शन को व्यवस्था के खिलाफ जनता के आक्रोश के रूप में देख रहे हैं।