गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो शिक्षक स्कूल कार्यालय में ही शराब पीते हुए मिले, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। मामला मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल के दो शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान कार्यालय में शराब पीते और चखना खाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय में मौजूद थे, उस दौरान कई छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में बिना पढ़ाई के बैठे हुए थे। जानकारी के अनुसार, स्कूल के तीन शिक्षक अवकाश पर थे, जबकि बाकी शिक्षकों ने बच्चों की पढ़ाई कराने के बजाय कार्यालय में शराब पार्टी की।
आरोप है कि दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड का पालन भी नहीं कर रहे थे और टी-शर्ट व कार्गो जींस पहने हुए थे। इस पूरे मामले में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला केवल अनुशासनहीनता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्कूल की गरिमा और शिक्षक की जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा। फिलहाल मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

