T20 वर्ल्ड कप: भारत सेमीफाइनल में, 5 मार्च को इतने बजे शुरू होगा बड़ा मैच

Follow Us

कोलकाता। टी20 विश्व कप 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है और भारतीय फैंस के लिए बड़ी खबर यह है कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर अंतिम चार में जगह पक्की की। अब निगाहें 5 मार्च पर टिकी हैं, जब मुंबई के ऐतिहासिक मैदान पर खिताबी जंग की दिशा तय होगी। आपको बता दें की टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। दोनों टीमों का इस विश्व कप में प्रदर्शन दमदार रहा है, ऐसे में यह मैच भी बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है। वहीं दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को खेला जाएगा। भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस साढ़े 6 बजे होगा।

भारतीय टीम अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही, जबकि इंग्लैंड ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। वहीं भारत और इंग्लैंड टी20 विश्व कप में लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में भिड़ रहे हैं। साल 2022 में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया था। इसके बाद 2024 के विश्व कप सेमीफाइनल में भारत ने जीत दर्ज कर पिछली हार का हिसाब बराबर किया। अब 2026 में फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, जिससे मुकाबले का रोमांच और भी बढ़ गया है। भारतीय टीम अब खिताब से सिर्फ दो जीत दूर है। अब तक के सफर में टीम का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। केवल दक्षिण अफ्रीका ही ऐसी टीम रही है, जिसने भारत को हराया है। बाकी सभी मुकाबलों में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की है। अब सबकी नजर 5 मार्च की शाम पर है, जब यह तय होगा कि भारत फाइनल में पहुंचकर ट्रॉफी के और करीब पहुंच पाएगा या नहीं। क्रिकेट प्रेमियों को इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।