बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में भीख मांगने की आड़ में घरों में चोरी करने वाले संदिग्ध गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक घर से मोबाइल और पर्स चोरी होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल संदिग्ध दंपति और एक नाबालिग बच्चे की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
पीड़ित सुनील बाटवे, निवासी जरहाभाठा, ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग भीख मांगने के बहाने उनके घर के आसपास घूम रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर आरोपियों ने घर में प्रवेश किया और मोबाइल व पर्स चोरी कर फरार हो गए। चोरी का पता चलने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध दंपति और उनके साथ एक नाबालिग बच्चा घटना के समय घर के आसपास घूमते दिखाई दिए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह संगठित गिरोह भीख मांगने की आड़ में पहले घरों की रेकी करता है और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह का संबंध शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या समूह भीख मांगने के बहाने घरों के आसपास घूमता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही घरों के दरवाजे सुरक्षित रखने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह भी दी गई है।
