बीएसयूपी कॉलोनियों में पुलिस का सघन अभियान, 350 मकानों की जांच में 8 संदिग्ध पकड़ाए

Follow Us

रायपुर। अपराधों पर अंकुश लगाने, फरार आरोपियों की तलाश और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनियों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में थाना तेलीबांधा क्षेत्र के बीएसयूपी लाभांडी, बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा में सुबह 4:30 बजे से 9 बजे तक अभियान चलाया गया।
इस दौरान दोनों बीएसयूपी कॉलोनियों के करीब 350 मकानों की सघन जांच की गई। कार्रवाई में थाना तेलीबांधा और पुलिस लाइन के 80 से अधिक अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस ने बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों, बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों और संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों की जांच की।

अभियान के दौरान 8 संदिग्ध व्यक्ति मिले, जिनमें मारपीट के एक मामले में पिछले 8 महीने से फरार आरोपी भी शामिल है। सभी संदिग्धों के खिलाफ पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों को “समाधान” मोबाइल ऐप की जानकारी देते हुए किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण के लिए आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।