हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की AI से मॉर्फ्ड तस्वीरों और वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसार के मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर Meta इंडिया हेड अरुण श्रीनिवास के साथ-साथ Facebook और Instagram से जुड़े कई अकाउंट संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। मामले की जांच भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कथित रूप से एक विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की AI से एडिट की गई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए, जिन्हें भ्रामक जानकारी फैलाने वाला माना जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इन कंटेंट को किसने तैयार किया, अपलोड किया और व्यापक स्तर पर साझा किया।
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने Meta को नोटिस जारी कर संबंधित अकाउंट्स और कंटेंट से जुड़ी जानकारी मांगी है। वहीं, केंद्र सरकार ने भी इस मामले में Meta के वरिष्ठ अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दूसरी ओर, Meta के प्रतिनिधियों ने जांच अधिकारियों के सामने पेश होकर कंपनी की कंटेंट मॉडरेशन नीति और प्लेटफॉर्म के नियमों की जानकारी दी है।
