छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर पड़ेगा धीमा, दक्षिण के जिलों में आज भी भारी वर्षा का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि, अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बड़े बचेली में सर्वाधिक 19 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि रायपुर शहर में 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोमाखान और गरियाबंद में 14-14 सेंटीमीटर, ओड़गी और बीजापुर में 13-13 सेंटीमीटर तथा बागबाहरा, सुकमा और गोबरा नवापारा में 12-12 सेंटीमीटर बारिश हुई। प्रदेश में अब तक मानसूनी वर्षा सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बनी हुई है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह तेज धूप निकलने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़, विदर्भ और दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बना गहरा अवदाब अगले 12 से 24 घंटों में कमजोर होकर सामान्य अवदाब में बदल सकता है। इसके प्रभाव में कमी आने के साथ ही प्रदेश में बारिश की रफ्तार भी धीरे-धीरे कम होने लगेगी।