रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत शहर के जोन 5, 7 और 8 में स्वच्छता जनजागरूकता रैली निकाली गई। अभियान में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
रैली के दौरान लोगों को कचरे के पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक के कम उपयोग, सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से “स्वच्छ रायपुर” के संकल्प को साकार करना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
