नीट पेपर लीक केस: सीबीआई का बड़ा खुलासा, 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल; 13 आरोपी न्यायिक हिरासत में

Follow Us

नई दिल्ली। नीट यूजी पेपर लीक मामले की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ा कदम उठाते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट में करीब 20 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने बताया कि जांच के दौरान बड़ी संख्या में दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और गवाहों के बयान जुटाए गए, जिनके आधार पर आरोपपत्र तैयार किया गया है। CBI की चार्जशीट में 422 दस्तावेज, 360 गवाहों की सूची और 43 भौतिक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। मामले में फिलहाल 13 आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के तीन विषय विशेषज्ञों के साथ कुछ कोचिंग संस्थानों और कथित बिचौलियों के नाम भी शामिल हैं।

सुनवाई के दौरान अदालत ने CBI से चार्जशीट के साथ सभी संबंधित दस्तावेज रिकॉर्ड पर प्रस्तुत करने को कहा। एजेंसी ने बताया कि शेष दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया जारी है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त तय की है। यह मामला देशभर में चर्चा का विषय रहा था और लाखों छात्रों ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी। अब विस्तृत चार्जशीट दाखिल होने के बाद जांच महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। CBI का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्य और गवाहों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मजबूत मामला तैयार किया गया है।