तेज बहाव में नाला पार करना पड़ा भारी, 55 वर्षीय ग्रामीण बहा; 5 किमी दूर मिला शव

Follow Us

गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में तेज बहाव के बावजूद सरगी नाला पार करने की कोशिश एक 55 वर्षीय ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई। ग्रामीण तेज धारा में बह गया, जिसका शव करीब एक घंटे बाद घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) बुधवार सुबह अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब 7 बजे लगातार बारिश के कारण सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान उनके साथी और आसपास मौजूद लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए नाला पार करने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग लगातार उन्हें रोकते रहे, जबकि कुछ लोग घटना का वीडियो भी बना रहे थे। जैसे ही थनवार यादव तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की। करीब एक घंटे बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और सावधानी बरतने की अपील की है।