कोरबा। जिले के कटघोरा विकासखंड स्थित छुरीकला एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रों ने व्यवस्थाओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नाराज छात्रों ने कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष के वाहन का घेराव कर अपनी समस्याएं सामने रखीं। छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान को हटाने की मांग भी की।
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से भोजन और अन्य सुविधाओं को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि खाने में कई बार कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है, वहीं एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ और दवाइयां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। विद्यार्थियों ने खराब भोजन और स्वच्छ पेयजल की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने की बात कही।
छात्रों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक प्रेमचंद पटेल मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं। विधायक ने पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों पर उचित कदम उठाए जाएंगे। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
