एमआईसी बैठक में ‘मक्कार’ टिप्पणी पर बवाल, इंजीनियरों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

Follow Us

बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में अभियंताओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी अब बड़ा विवाद बन गई है। एमआईसी सदस्य बंधू मौर्य द्वारा निगम के अभियंताओं के लिए “मक्कार” शब्द का इस्तेमाल किए जाने के विरोध में पूरा अभियंता संवर्ग एकजुट हो गया है।

अभियंताओं ने महापौर, निगम आयुक्त और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यह बयान केवल आलोचना नहीं, बल्कि पूरे अभियंता संवर्ग की ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पेशेवर सम्मान पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक बैठक में इस तरह की भाषा का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हुआ है।

अभियंताओं ने बताया कि वे केवल निर्माण कार्यों की निगरानी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जलप्रदाय, नाली सफाई, सड़क प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, आपदा प्रबंधन, चुनावी ड्यूटी और नागरिक शिकायतों के निराकरण जैसे कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। सीमित संसाधनों और कर्मचारियों की कमी के बावजूद वे लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

विरोध स्वरूप निगम के सभी अभियंताओं ने कार्य के दौरान काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।