कोरबा। जिला में माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पर देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर हसदेव आरती का प्रथम वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए। सभी ने हसदेव नदी को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में नदी संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी दिया गया। संत राम रूप दास महात्यागी जी के सानिध्य में हुए आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत मौजूद रहीं। उन्होंने हसदेव नदी के सौंदर्यीकरण और दर्री बांध से कुदूरमाल पुल तक रिवर फ्रंट निर्माण की मांग पर विचार करने की बात कही। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नदी संरक्षण को समाज की साझा जिम्मेदारी बताया।
समिति ने बताया कि, पिछले एक वर्ष से हसदेव आरती के माध्यम से नदी स्वच्छता, जल संरक्षण और जनजागरण का अभियान चलाया जा रहा है। हर पूर्णिमा पर होने वाली आरती में लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हसदेव नदी और प्राकृतिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखना है।
