रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में चोरी का खुलासा, दो अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। तारबाहर पुलिस ने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के सूने बंगलों में रेकी कर चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। यह कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासिर (नई दिल्ली) और हासिम (मेरठ, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों को दुर्ग जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले रेलवे अधिकारी के सूने बंगले का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की थी, लेकिन कीमती सामान नहीं मिलने पर मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, भिलाई के अलावा दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।