मणिपुर में तनाव: असम राइफल्स कैंप पर भीड़ का हमला, वाहनों में लगाई आग; सुरक्षा बलों ने संभाले हालात

Follow Us

इंफाल। मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार रात अचानक तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब बड़ी संख्या में लोगों ने असम राइफल्स के कैंप को निशाना बनाया। प्रदर्शनकारियों ने कैंप पर पथराव किया, सुरक्षाबलों के वाहनों को नुकसान पहुंचाया और कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह घटना असम राइफल्स द्वारा चलाए गए एक तलाशी अभियान के बाद हुई। सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि मकुइलोंगडी इलाके में एनएससीएन (आईएम) से जुड़े कुछ हथियारबंद कैडर युद्धविराम नियमों का उल्लंघन करते हुए हथियार और वर्दी के साथ घूम रहे हैं।

तलाशी अभियान के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग सेनापति शहर में जमा हुए और देर रात असम राइफल्स कैंप की ओर बढ़ गए। वहां पहुंचकर भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। हालात बिगड़ने पर मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने आंसू गैस और सीमित बल प्रयोग के जरिए भीड़ को नियंत्रित किया। देर रात तक इलाके में स्थिति सामान्य कर ली गई। प्रशासन ने बताया कि, मामले की जानकारी युद्धविराम निगरानी समूह को दे दी गई है। शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय अधिकारियों और समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत जारी है।