बेंगलुरु। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दर्दनाक भगदड़ के मामले में कर्नाटक सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। सरकार ने पूर्व पुलिस आयुक्त बी. दयानंद समेत तीन आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ चल रही विभागीय जांच को खत्म करते हुए उन्हें क्लीन चिट दे दी है। यह मामला 4 जून 2025 का है, जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
हादसे के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सरकार ने जिम्मेदारी तय करते हुए बी. दयानंद, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विकास कुमार विकास, डीसीपी शेखर समेत कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया था और विभागीय जांच शुरू की गई थी। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि, अधिकारियों के जवाब और प्रशासनिक विभाग की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने जांच समाप्त करने का फैसला लिया। वहीं, निलंबित एसीपी और पुलिस इंस्पेक्टर के मामलों पर अभी फैसला आना बाकी है। इस घटना के बाद कर्नाटक सरकार और आरसीबी प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी विवाद हुआ था। सरकार ने हाई कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट में आयोजन प्रबंधन को हादसे के लिए प्रमुख कारणों में से एक बताया था।
