नितिन गडकरी- इथेनॉल पर कथित भ्रामक पोस्ट का मामला, मनीष कश्यप समेत 4 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर एफआईआर

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, टोयोटा और इथेनॉल से जुड़े दावों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित गलत जानकारी फैलाने के मामले में नागपुर साइबर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने यूट्यूबर मनीष कश्यप समेत चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला नागपुर बीजेपी सोशल मीडिया सेल के अध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ वीडियो और पोस्ट के जरिए इथेनॉल से जुड़े दावों को बिना प्रमाण के पेश किया गया और इससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई।

एफआईआर में मनीष कश्यप के अलावा इंस्टाग्राम अकाउंट Desi Boys, हर्षित राठी और अंकलेश इनवाते के नाम शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 356 और 296 के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि साझा की गई सामग्री में कितनी तथ्यात्मकता है और उसका क्या प्रभाव पड़ा। जांच आगे बढ़ने के बाद मामले में और कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।