मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘रूह’ का ऐलान हो गया है और मेकर्स ने इसका पहला लुक भी जारी कर दिया है। फिल्म की पहली झलक ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। मेकर्स ने 52 सेकेंड का एक टीजर वीडियो शेयर किया है, जिसकी शुरुआत डरावनी आवाज और रहस्यमयी माहौल से होती है। वीडियो में एक लड़की हवा में तैरती नजर आती है। इसके बाद धुंधले शीशे के पीछे से इमरान हाशमी का चेहरा दिखाई देता है और उनकी आंखों का डरावना रूप कहानी में रहस्य को और गहरा कर देता है।
इमरान हाशमी इससे पहले ‘राज: द मिस्ट्री कंटीन्यूज’, ‘राज 3’, ‘राज रीबूट’ और ‘एक थी डायन’ जैसी हॉरर फिल्मों में काम कर चुके हैं। अब ‘रूह’ के जरिए वह एक बार फिर डर और सस्पेंस से भरी दुनिया में लौट रहे हैं। फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं, जबकि कहानी मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने लिखी है। यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी और हिंदी के साथ तमिल व तेलुगु भाषाओं में भी दर्शकों तक पहुंचेगी। वर्कफ्रंट की बात करें तो इमरान जल्द ही फिल्म ‘आवारापन 2’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में होंगी।
