गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पेंड्रा नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मुख्य मार्ग स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उनके 14 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार पेंड्रा के कुड़कई गांव का रहने वाला था। परिवार के तीनों सदस्य स्कूटी से गांव से पेंड्रा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कुड़कई निवासी तेरस भरिया (35) और उनके पुत्र राजू भरिया (14) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मां का इलाज जारी है। हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर को ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पेंड्रा पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

