CG Assembly Monsoon Session: तीसरे दिन विधानसभा में इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बिजली कंपनी और अन्य अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन है। आज सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल उठाए जाएंगे, जिनका जवाब उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब देंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं मंत्री लखनलाल देवांगन और श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने विभागों से संबंधित दस्तावेज सदन में रख सकते हैं।

विधानसभा की कार्यवाही में आज दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना है। इनमें इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला और शासकीय मुद्रणालय के प्रिंटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुख रहेगा। इसके अलावा विधायक विक्रम उसेंडी गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयकों और संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन सदन में पेश करेंगे। विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न याचिकाएं प्रस्तुत कर सकते हैं। सदन में सात शासकीय विधायी कार्य भी सूचीबद्ध हैं।