चलती कार में पत्नी की हत्या, तीन मासूम बने गवाह! शव के साथ घंटों घूमता रहा पति, फिर थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Follow Us

वाशिम। महाराष्ट्र के वाशिम जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर चलती कार में हत्या कर दी, जबकि उनके तीन छोटे बच्चे पूरी घटना के दौरान कार में मौजूद थे। वारदात के बाद आरोपी पत्नी का शव कार में रखकर कई घंटों तक सड़कों पर घूमता रहा और अंत में खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सलमान खान मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और परिवार के साथ महाराष्ट्र में रह रहा था।

घटना समृद्धि एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां सफर के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि, गुस्से में सलमान ने पहले लोहे की रॉड से पत्नी हसीन बानो पर हमला किया और फिर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी कारंजा शहर पहुंचा और सीधे पुलिस स्टेशन जाकर कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें महिला का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसे वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि घटना के प्रत्यक्षदर्शी बने तीनों बच्चों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है।