धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ और ताबीज पहनाने का झांसा देकर महिला से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, अर्जुनी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी प्रसाद चौरे ने पूजा-पाठ और ताबीज पहनाने के बहाने उसे कमरे में अकेले बुलाया। वहां आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ अश्लील हरकत की। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर अर्जुनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 83/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश्वर प्रसाद चौरे उर्फ मोची गब्बर (30 वर्ष), निवासी ग्राम देमार, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

