वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि, अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है और देश के कई शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए हैं। ट्रंप ने कहा कि, ईरान की नौसेना, वायुसेना और एयर डिफेंस सिस्टम को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि, ईरान के कई प्रमुख कमांडर अब सक्रिय नहीं हैं और देश की सैन्य ताकत पहले जैसी नहीं रही।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मोजतबा खामेनेई को लेकर कहा कि वह गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं और उनकी स्थिति बेहद खराब है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ समय पहले हुए हमलों के बाद मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। इससे उनकी स्थिति को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजरें बनी हुई हैं।
