38 साल की उम्र में डच रेफरी रॉब डाइपरिंक का निधन, वर्ल्ड कप विवाद के बाद हटे थे पद से

Follow Us

नई दिल्ली। फुटबॉल जगत से दुखद खबर सामने आई है। नीदरलैंड्स के मशहूर फुटबॉल रेफरी रॉब डाइपरिंक का 38 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। डच फुटबॉल एसोसिएशन ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें एक सम्मानित और अनुभवी रेफरी बताया। रॉब डाइपरिंक को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) अधिकारी चुना गया था, लेकिन ब्रिटेन में दर्ज एक पुलिस मामले के बाद उन्हें टूर्नामेंट की सूची से हटा दिया गया था। हालांकि बाद में सबूतों के अभाव में वह मामला बंद कर दिया गया था।

डाइपरिंक ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा था कि, उनके खिलाफ लगाए गए दावे निराधार थे। इसके बावजूद उन्हें वर्ल्ड कप अधिकारियों की सूची में शामिल नहीं किया गया। डच रेफरी ने 2011-12 सीजन से प्रोफेशनल फुटबॉल में करियर शुरू किया था। उन्होंने 284 से ज्यादा मुकाबलों में रेफरी की भूमिका निभाई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनका अनुभव शानदार रहा। वह 2024 यूरोपियन चैंपियनशिप, ओलंपिक गेम्स और कई बड़े क्लब टूर्नामेंट में रेफरी टीम का हिस्सा रहे। फीफा और नीदरलैंड्स फुटबॉल एसोसिएशन ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि फुटबॉल जगत ने एक प्रतिभाशाली और समर्पित अधिकारी खो दिया है।