नीता अंबानी का एलीगेंट लुक वायरल, ब्लश पिंक बनारसी साड़ी में दिखा भारतीय कारीगरी का खूबसूरत अंदाज

Follow Us

मुंबई। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी एक बार फिर अपने शानदार फैशन सेंस को लेकर चर्चा में हैं। फॉर्च्यून इंडिया की मोस्ट पावरफुल वुमन (MPW) 2026 लिस्ट में टॉप स्थान हासिल करने के खास मौके पर नीता अंबानी ने स्वदेश की खूबसूरत ब्लश पिंक तनचोई बनारसी सिल्क साड़ी पहनी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। नीता अंबानी को यह सम्मान उनकी प्रभावशाली लीडरशिप, संस्थान निर्माण की सोच और रिलायंस फाउंडेशन के जरिए समाज के विकास में दिए गए योगदान के लिए मिला है। रिलायंस फाउंडेशन ने 29 मिलियन बच्चों सहित 100 मिलियन से अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालने का काम किया है।

इस खास अवसर के लिए नीता अंबानी ने भारतीय पारंपरिक कला और कारीगरी को बढ़ावा देते हुए स्वदेश की हाथ से बुनी हुई तनचोई बनारसी सिल्क साड़ी को चुना। हल्के गुलाबी रंग की यह साड़ी वाराणसी के प्रसिद्ध गुलाब होली उत्सव से प्रेरित बताई जा रही है, जिसमें गुलाब की पंखुड़ियां भक्ति, उत्सव और आनंद का प्रतीक मानी जाती हैं। साड़ी पर बारीक फूलों की जाल बुनाई की गई थी, जिसे हाथीदांत और एंटीक गोल्ड रंग के फूलों वाले बूटों से सजाया गया था। तनचोई बुनाई की खासियत इसकी बेहद महीन डिटेलिंग और रिवर्सिबल तकनीक है, जो इसे बेहद खास और शाही लुक देती है।

इस खूबसूरत साड़ी को मास्टर कारीगरों आरुषि लोहिया और कृष्णा लोहिया ने करीब दो महीने की मेहनत से हाथ से तैयार किया। यह साड़ी बनारस की समृद्ध टेक्सटाइल विरासत और भारतीय बुनकरों की सदियों पुरानी कला को सम्मान देने वाली कृति है। फॉर्च्यून इंडिया के मोस्ट पावरफुल वुमन 2026 सम्मान की घोषणा मुंबई के फोर सीजन्स होटल में आयोजित समारोह में की गई। इस कार्यक्रम में बिजनेस, फाइनेंस, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप और पब्लिक पॉलिसी जैसे क्षेत्रों की कई प्रभावशाली महिला लीडर्स शामिल हुईं।