रोहित- बुमराह- कुलदीप की वापसी से टीम इंडिया को मिलेगी ताकत, अभिषेक नायर ने जताया भरोसा

Follow Us

नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर सामने आई है। पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव की वापसी से टीम इंडिया और मजबूत होगी। नायर ने कहा कि, रोहित शर्मा का अनुभव और तेज गेंदबाजों की शॉर्ट-पिच गेंदों के खिलाफ उनकी शानदार बल्लेबाजी भारत के लिए बड़ा फायदा साबित होगी।

उन्होंने बताया कि, विदेशी परिस्थितियों में सफल होने के लिए तेज गेंदबाजी का सामना करना जरूरी है और रोहित इस चुनौती को अच्छी तरह संभालते हैं। उनके मुताबिक, रोहित की मौजूदगी से इंग्लैंड को अपनी गेंदबाजी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है, क्योंकि बड़े खिलाड़ी विपक्षी टीम को अपनी रणनीति बदलने के लिए मजबूर करते हैं।

वहीं, जसप्रीत बुमराह की वापसी पर नायर ने कहा कि अनुभवी गेंदबाज को सावधानी से इस्तेमाल करना जरूरी होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बुमराह धीरे-धीरे अपनी लय हासिल कर लेंगे और टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे। कुलदीप यादव को लेकर नायर ने कहा कि, इंग्लैंड की परिस्थितियां उनके लिए फायदेमंद हो सकती हैं। उन्होंने कुलदीप की गेंदबाजी में आए बदलाव की तारीफ करते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट का भरोसा मिलने पर वह और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। नायर के अनुसार, इन तीनों खिलाड़ियों की मौजूदगी भारतीय टीम को अनुभव, संतुलन और मजबूती देगी।