राजिम बना नगर पालिका: राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना, डिप्टी CM अरुण साव बोले- विकास को मिलेगी नई दिशा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार, राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं होंगी। राज्य शासन के इस फैसले के बाद राजिम में खुशी का माहौल है। नगर पालिका बनने से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इस फैसले से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास में तेजी आएगी। इसके अलावा राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अब अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंच सकेगा।