फीफा विश्व कप 2026: लुइस फर्नांडीज का बड़ा बयान, बोले- फ्रांस जीते तो खुशी, स्पेन चैंपियन बने तो भी गर्व होगा

Follow Us

नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले फ्रांस के पूर्व डिफेंडर लुइस फर्नांडीज ने अपनी पसंदीदा टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने खिताब जीतने के लिए फ्रांस का समर्थन किया, लेकिन साथ ही कहा कि अगर स्पेन चैंपियन बनता है तो उन्हें इसकी भी खुशी होगी। फ्रांस और स्पेन बुधवार को डलास स्टेडियम में सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है। फर्नांडीज का दोनों देशों से खास जुड़ाव है, क्योंकि उनका जन्म स्पेन में हुआ, लेकिन उनका करियर और पहचान फ्रांस से जुड़ी रही है।

फर्नांडीज ने स्पेनिश फुटबॉल की तारीफ करते हुए कहा कि, स्पेन की मिडफील्ड परंपरा हमेशा शानदार रही है। उन्होंने लुइस डे ला फुएंते की टीम को मजबूत और आकर्षक फुटबॉल खेलने वाली टीम बताया। मुकाबले में सभी की नजर फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल पर होगी। दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। एम्बाप्पे और यमाल की तुलना पर फर्नांडीज ने कहा कि, फिलहाल एम्बाप्पे आगे हैं। उन्होंने कहा कि एम्बाप्पे शानदार फॉर्म में हैं और फ्रांस को एक और विश्व कप खिताब दिलाने की क्षमता रखते हैं।