बॉक्स ऑफिस पर ‘धमाल 4’ का धमाका, 100 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म; ‘अल्फा’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ की धीमी रफ्तार

Follow Us

मुंबई। अजय देवगन स्टारर ‘धमाल 4’ ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी यह कॉमेडी फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आ रही है और घरेलू के साथ-साथ दुनियाभर में भी मजबूत कमाई कर रही है। फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन जबरदस्त उछाल दिखाते हुए करीब 28.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले फिल्म ने पहले दिन 14 करोड़ और दूसरे दिन 22.50 करोड़ रुपये कमाए थे। अब तक फिल्म का घरेलू कलेक्शन करीब 65 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 92 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है।

फिल्म में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, रवि किशन और जावेद जाफरी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। वहीं, आलिया भट्ट की फिल्म ‘अल्फा’ बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। रिलीज के 10वें दिन फिल्म ने करीब 2.25 करोड़ रुपये कमाए और इसका कुल घरेलू कलेक्शन 53.60 करोड़ रुपये तक पहुंचा है। दूसरी तरफ अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ भी उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। फिल्म ने 17वें दिन करीब 1.90 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन 129.55 करोड़ रुपये हो गया है।