कोहिमा । नगालैंड चुमौकेदिमा जिले में एक संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) धमाके में असम राइफल्स का एक जवान बलिदान हो गया जबकि चार अन्य घायल हैं। मामले में रक्षा विभाग के PRO कर्नल अमित शुक्ला ने बताया कि यह धमाका ऑपरेशन के दौरान असम राइफल्स के वाहनों को निशाना बनाकर किया गया था। सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, जबकि घायल जवानों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने अभी तक पीड़ितों की पहचान जाहिर नहीं की है और न ही यह पुष्टि की है कि हमले के लिए कौन जिम्मेदार था।
जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स का काफिला सोखुवी इलाके से दीमापुर लौट रहा था। इसी दौरान चुमौकेदिमा जिले के सोखुवी गांव के पास अचानक विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में काफिले के वाहन आ गए। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह एक संदिग्ध आईईडी विस्फोट था। हालांकि, विस्फोट की प्रकृति और इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
चुमौकेदिमा के पुलिस उपायुक्त निको वेन्यू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में एक जवान की मौत हुई है और चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक जवान की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजा गया है, जो विस्फोट की प्रकृति और उसमें इस्तेमाल किए गए उपकरण की जांच कर रहा है।
कोहिमा स्थित रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि घटना के बाद इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है, हालांकि सुरक्षा कारणों से अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। स्थानीय लोगों को भी कुछ घायल जवानों को निजी वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचाने में मदद करते देखा गया। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या यह हमला सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किया गया था। अब तक किसी संगठन ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही किसी उग्रवादी संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि की गई है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं।
मणिपुर में भी असम राइफल्स को बनाया गया निशाना
इससे पहले मणिपुर के उखरूल जिले में असम राइफल्स के काफिले पर घातक हमला हुआ था। जिसमें असम राइफल्स के वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और हवलदार सी.एम. सिंह की मौत हो गई थी। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पूर्वोत्तर में सुरक्षा बलों की चिंता बढ़ा दी है।

