बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 27 लाख का गांजा जब्त, ओडिशा से रीवा ले जा रहे थे तस्कर; दो महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी (Government Railway Police) ने करीब 55 किलो गांजा के साथ दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के रीवा जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और दो युवक शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के 32 पैकेट बरामद किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। जीआरपी थाना बिलासपुर ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।