IG अजय यादव ने संभाली राजनांदगांव रेंज की कमान, पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा

Follow Us

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस रेंज में प्रशासनिक बदलाव के तहत भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अजय यादव ने सोमवार को नए पुलिस महानिरीक्षक (IG) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने रेंज के पुलिस अधीक्षकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा की। राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिलों को मिलाकर बनी पुलिस रेंज की जिम्मेदारी अब आईजी अजय यादव के हाथों में है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का मुख्य फोकस बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर रहेगा।

आईजी अजय यादव ने कहा कि अपराधों की जांच को बेहतर बनाना, अपराधियों की धरपकड़ तेज करना और अवैध गतिविधियों जैसे अवैध शराब, सट्टा और जुए पर प्रभावी कार्रवाई उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी तरह की मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान आईजी ने राजनांदगांव, खैरागढ़ और मानपुर-मोहला जिलों के पुलिस अधीक्षकों से क्षेत्र की स्थिति, अपराध के पैटर्न और पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले की जरूरत के अनुसार बेसिक पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा।

आईजी अजय यादव ने बताया कि आने वाले दिनों में वे स्वयं सभी जिलों का दौरा करेंगे और कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।