मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत विवादों में आ गए हैं। उनकी बहू गिरिजा राउत की शिकायत पर ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस थाने में घरेलू उत्पीड़न और अन्य गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरिजा राउत ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि, शादी के बाद उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने परिवार के कुछ सदस्यों पर अपमानजनक व्यवहार, मारपीट और अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में जबरन गोमूत्र पिलाने की कोशिश और बाल खींचने जैसे आरोपों का भी उल्लेख किया गया है।
एफआईआर में विनायक राउत, उनके बेटे गीतेश राउत समेत कुल सात लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। पुलिस ने घरेलू हिंसा और महाराष्ट्र के अंधविश्वास विरोधी कानून के तहत जांच शुरू कर दी है। वहीं, विनायक राउत ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामला तलाक और आर्थिक मांगों से जुड़ा है। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता ने बड़ी रकम, फ्लैट और कार की मांग पूरी नहीं होने पर ऐसे आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
