बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक डिलीवरी एजेंट पर महिला के घर में जबरन घुसने और अश्लील व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद मराठाहल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि पार्सल पहुंचाने आए एजेंट ने उससे शौचालय इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी। महिला के मना करने के बावजूद आरोपी कथित तौर पर घर के अंदर चला गया और उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया। महिला ने बताया कि वह इस घटना से काफी डर गई थी और उसने अपनी सुरक्षा के लिए पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत कार्रवाई शुरू की है। मामला सामने आने के बाद फ्लिपकार्ट ने भी आरोपी डिलीवरी एजेंट को सेवा से हटा दिया है। कंपनी ने कहा है कि वह पीड़ित महिला का पूरा समर्थन कर रही है और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
